खगड़िया में 50 हजार के इनामी बदमाश मो. बुद्दिन का एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग के बाद लगी गोली

एनकाउंटर में घायल अपराधी को हॉस्पिटल में भर्ती कराकर आती पुलिस
एनकाउंटर में घायल अपराधी को हॉस्पिटल में भर्ती कराकर आती पुलिस

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में मंगलवार को पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मो. बुद्दिन को गोली लगी है। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। यह एनकाउंटर बेलदौर थाना क्षेत्र के सुखाय बासा गांव में हुआ, जहां STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि पुलिस को काफी समय से फरार चल रहे मो. बुद्दिन के लोकेशन की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद खगड़िया पुलिस ने STF के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम बनाई और उसके संभावित ठिकाने की घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने पहले इलाके को चारों तरफ से सील किया और फिर अपराधी को सरेंडर करने की चेतावनी दी।

इसी बीच खुद को घिरता देख मो. बुद्दिन मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया तो उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस टीम पहले से सतर्क थी और जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की गई।

पुलिस की गोली मो. बुद्दिन के पैर में लगी, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। घायल अपराधी को तुरंत इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

खगड़िया एसपी राकेश कुमार ने बताया कि मो. बुद्दिन बेलदौर थाना क्षेत्र के झोली पंचायत का रहने वाला कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ बेलदौर थाना समेत अलग-अलग थानों में 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, रंगदारी, फायरिंग और कई गंभीर धाराओं के केस शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया था और सरेंडर करने को कहा गया था, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। भागते समय उसने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। फिलहाल आरोपी पुलिस की निगरानी में अस्पताल में भर्ती है।

दरअसल, बिहार में हाल के दिनों में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हुई है। सम्राट सरकार के गठन के बाद राज्य में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। 15 अप्रैल को सरकार बनने के बाद पिछले 41 दिनों में यह 12वां एनकाउंटर बताया जा रहा है। इन कार्रवाइयों में अब तक 2 अपराधी मारे जा चुके हैं, जबकि कई अपराधी घायल अवस्था में पकड़े गए हैं।

इसी बीच खगड़िया में हुए इस एनकाउंटर को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है, क्योंकि मो. बुद्दिन लंबे समय से फरार चल रहा था और इलाके में उसकी दहशत बताई जाती थी। फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

इसे भी पढ़ें: 

जहानाबाद में एनकाउंटर, हत्या आरोपी बिक्कू सिंह के पैर में लगी गोली

Leave a Comment

और पढ़ें