जहानाबाद । बिहार के जहानाबाद में गुरुवार की देर रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के पास हुए इस एनकाउंटर में हत्या के आरोपी बिक्कू सिंह उर्फ रावण घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले घोसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।पुलिस के अनुसार, घायल अपराधी बिक्कू सिंह नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार मोहल्ले का रहने वाला है। वह 2 दिन पहले चातर गांव में हुए दीपक कुमार हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
जहानाबाद के एसपी अराजित लोहान ने बताया कि पुलिस ने हत्या मामले में बिक्कू सिंह को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने हथियार घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव स्थित नहर किनारे छिपाकर रखा है।इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर हथियार बरामद करने मौके पर पहुंची। पुलिस का दावा है कि जैसे ही बिक्कू सिंह ने छिपाया गया हथियार निकाला, उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की गोली घोसी थाना की गाड़ी में लगी, हालांकि किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई।इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। मौके से हथियार भी बरामद किया गया है।क्या है दरअसल, सोमवार 18 मई की रात भेलावर थाना क्षेत्र के डेसैया गांव में दीपक कुमार शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार बदमाशों ने दीपक के सिर में गोली मार दी थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। मृतक चातर गांव निवासी कौशल किशोर शर्मा का पुत्र था।पुलिस जांच में बिक्कू सिंह उर्फ रावण का नाम सामने आने के बाद लगातार छापेमारी की जा रही थी। गुरुवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
5 दिनों में बिहार का 6वां एनकाउंटर
बिहार में पिछले 5 दिनों के भीतर यह 6वां पुलिस एनकाउंटर बताया जा रहा है। इससे पहले सीवान, पटना और समस्तीपुर में भी पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रहे एनकाउंटर को लेकर बिहार की कानून व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई पर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
इसे भी पढ़ें:
किशनगंज में ANTF की बड़ी कार्रवाई, ₹1.60 करोड़ की हेरोइन के साथ 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
बगहा एएनएम छात्रावास में ऐसा क्या हुआ कि छात्राएं थाली पीटकर सड़क पर उतरीं











