बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज अनुमंडल कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को बाढ़ पूर्व तैयारी, सहयोग शिविर और आगामी बकरीद पर्व को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी अभिजीत कुमार गोविंदा ने की। इस दौरान अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रशासनिक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मानसून से पहले बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों को लेकर विशेष जोर दिया गया। एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की तैयारी मजबूत रखने पर भी बल दिया।
इसके अलावा आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर भी चर्चा हुई। एसडीएम ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सहयोग शिविरों के सफल आयोजन को लेकर भी रणनीति बनाई गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। एसडीएम ने कहा कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सुगमता से मिले, इसके लिए सभी विभाग सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में बीडीओ सूरज कुमार सिंह, सीओ सुधांशु शेखर समेत नरकटियागंज अनुमंडल के कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं अनुमंडल के अन्य प्रखंडों के पदाधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जोड़ा गया।
यह भी पढ़ें:
पूर्वी नौतन पंचायत में अधूरा पड़ा WPU निर्माण, स्वच्छता कर्मियों का प्रदर्शन
नरकटियागंज में 152 प्रशिक्षु जवानों का पासिंग आउट परेड सम्पन्न, अनुशासन और कौशल का शानदार प्रदर्शन











