पूर्वी नौतन पंचायत में अधूरा पड़ा WPU निर्माण, स्वच्छता कर्मियों का प्रदर्शन

पूर्वी नौतन पंचायत में WPU निर्माण और वेतन भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन करते स्वच्छता कर्मी
पूर्वी नौतन पंचायत में WPU निर्माण और वेतन भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन करते स्वच्छता कर्मी

 

बेतिया/पश्चिम चंपारण: नौतन प्रखंड की पूर्वी नौतन पंचायत में अभी तक WPU यानी वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट का निर्माण पूरा नहीं होने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पंचायत के स्वच्छता कर्मियों को रोजाना कचरा उठाव के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कचरा भवन अधूरा होने के कारण कर्मियों को इधर-उधर कचरा फेंकना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भी झेलना पड़ता है।

शुक्रवार को नाराज स्वच्छता कर्मियों ने प्रखंड स्वच्छता कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान की मांग की। प्रदर्शन कर रहे स्वच्छता कर्मियों में मनान अंसारी, दशरथ हजरा, कपील राम, ललीता देवी, मंजू देवी, रजिंद्र निषाद, रेणु देवी, प्रभु मांझी, शम्भू कुमार, शम्भू बैठा, रूशतम अंसारी, रोहित कुमार, साहेब शाह और कृष्णा बैठा समेत कई कर्मी शामिल रहे।

कर्मियों ने बताया कि पंचायत में कचरा भवन का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। निर्माण कार्य लंबे समय से आधा-अधूरा पड़ा हुआ है। इसके बावजूद पर्यवेक्षक के दबाव में लगातार घर-घर से कचरा उठाव कराया जा रहा है। कचरा रखने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें गांव के अलग-अलग स्थानों पर कचरा फेंकना पड़ता है। इससे स्थानीय लोगों का विरोध और नाराजगी झेलनी पड़ती है। स्वच्छता कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 14 माह से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। आर्थिक संकट के बावजूद वे लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन विभाग उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। कर्मियों का कहना है कि बिना वेतन और बिना संसाधन के काम करना काफी मुश्किल हो गया है।

इधर, बीते सप्ताह सहयोग पोर्टल पर तकनीकी सहायक की रिपोर्ट में WPU निर्माण कार्य को प्रगति पर बताया गया था। हालांकि स्वच्छता कर्मियों ने इस दावे को गलत बताते हुए कहा कि मौके पर कोई काम नहीं चल रहा है और निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है।मामले को लेकर प्रखंड समन्वयक पुनम कुमारी ने कहा कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें : 

नरकटियागंज में 152 प्रशिक्षु जवानों का पासिंग आउट परेड सम्पन्न, अनुशासन और कौशल का शानदार प्रदर्शन

मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के कमरे से मिला शव

Leave a Comment

और पढ़ें