
बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 44वीं वाहिनी परिसर में शुक्रवार को बिहार police के मुजफ्फरपुर और मोतिहारी जिला police बल के कुल 152 प्रशिक्षु जवानों का भव्य पासिंग आउट परेड समारोह आयोजित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु जवानों का अनुशासन, आत्मविश्वास और शानदार प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना रहा। समारोह को देखने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारी, अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में सशस्त्र सीमा बल, सीमांत मुख्यालय पटना के महा-निरीक्षक निशित कुमार उज्वल पहुंचे। उन्होंने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षु जवानों के मार्च-पास्ट का निरीक्षण किया। जवानों की सटीक चाल, तालमेल और अनुशासन ने उपस्थित लोगों को प्रभावित कर दिया। पूरे परिसर में देशभक्ति और गर्व का माहौल देखने को मिला।
अपने संबोधन में महा-निरीक्षक निशित कुमार उज्वल ने सभी प्रशिक्षु जवानों को सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा ही पुलिस बल की सबसे बड़ी पहचान होती है। उन्होंने जवानों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और निष्पक्षता के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
जानकारी के अनुसार, इन प्रशिक्षु जवानों ने 36 सप्ताह के कठिन एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा किया है। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, कानून एवं व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, फील्ड क्राफ्ट, आंतरिक सुरक्षा और सामरिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों की विशेष ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अब सभी जवान बिहार police बल में सेवा देने के लिए पूरी तरह तैयार हो चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित भी किया गया। समारोह में Tattoo Drill, Mass PT, Blind Fold Weapon Handling, Lathi Drill, Rifle Shooting Demonstration, Band Show और Dog Squad Drill का विशेष प्रदर्शन किया गया। जवानों के इन प्रदर्शन ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया। खासकर Blind Fold Weapon Handling और Dog Squad Drill को देखने के बाद दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
इस अवसर पर सशस्त्र सीमा बल और बिहार police के कई वरीय अधिकारी, प्रशिक्षकगण, 44वीं वाहिनी के जवान, प्रशिक्षुओं के अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का आयोजन भव्य और अनुशासित माहौल में सम्पन्न हुआ।
इसे भी पढ़ें:
मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के कमरे से मिला शव
जहानाबाद में एनकाउंटर, हत्या आरोपी बिक्कू सिंह के पैर में लगी गोली











