बेतिया के मझौलिया क्षेत्र में ट्रेन हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ और पुलिस

घटना के बाद घटना स्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय
घटना के बाद घटना स्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय

बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के बखरिया स्थित थैवइया गुमटी के समीप रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह-सुबह हुई इस घटना की खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे।

मृतक की पहचान मझौलिया थाना क्षेत्र के बिशनपुर वार्ड संख्या-1 निवासी निकेश कुमार (पिता- रामबाबू महतो) के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

घटना की सूचना मिलने के बाद मझौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया गया। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

घटना के बाद बिशनपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है। गांव के लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निकेश कुमार का स्वभाव काफी मिलनसार था, जिसके कारण गांव में हर कोई उन्हें जानता था। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक और मायूसी का माहौल है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही घटना से जुड़े कई पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इसे भी पढ़ें: 

नरकटियागंज स्टेशन पर महिला प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय में मिला पुरुष यात्री, बिना टिकट होने पर लगा जुर्माना

Leave a Comment

और पढ़ें