
मुजफ्फरपुर: जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहार मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना की सूचना पर मुजफ्फरपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को भारी मात्रा में प्रतिबंधित पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी स्टेशन के समीप इमलीचट्टी बस स्टैंड इलाके में हेरोइन की डिलीवरी देने पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने घेराबंदी कर पूरे नेटवर्क की एक बड़ी खेप पकड़ ली।
बताया जा रहा है कि दोनों तस्कर भीड़भाड़ वाले इलाके का फायदा उठाकर आसानी से प्रतिबंधित पदार्थ की सप्लाई कर निकलने की फिराक में थे। इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम पहले से अलर्ट थी। जैसे ही दोनों संदिग्ध इमलीचट्टी बस स्टैंड के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान जो खुलासा हुआ, उसने अधिकारियों को भी चौंका दिया।
पुलिस ने एक आरोपी के पास से साबुदाने जैसे डब्बों में छिपाकर रखे गए 65 पैकेट बरामद किए। वहीं दूसरे आरोपी के पास से 10 पैकेट प्रतिबंधित पदार्थ मिला। कुल मिलाकर 891.5 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान 4 मोबाइल फोन और 3 शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण निवासी संजीत कुमार और मुजफ्फरपुर जिले के बरुराज थाना क्षेत्र निवासी कौशलेंद्र कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि नशे की खेप नॉर्थ ईस्ट के रास्ते बिहार लाई गई थी और मुजफ्फरपुर में इसकी सप्लाई की तैयारी चल रही थी।
इसी बीच पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर कई अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध कारोबार का कनेक्शन किन जिलों और राज्यों तक फैला हुआ है।
मामले को लेकर सिटी एसपी महबूबा अंसारी ने बताया कि बिहार मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और आगे भी ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कई बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। मुजफ्फरपुर में इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की बरामदगी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
इसे भी पढ़ें :
किशनगंज में ANTF की बड़ी कार्रवाई, ₹1.60 करोड़ की हेरोइन के साथ 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार











