बगहा एएनएम छात्रावास में ऐसा क्या हुआ कि छात्राएं थाली पीटकर सड़क पर उतरीं

बगहा एएनएम छात्रावास में खराब भोजन और पेयजल संकट को लेकर प्रदर्शन करती छात्राएं
बगहा एएनएम छात्रावास में खराब भोजन और पेयजल संकट को लेकर प्रदर्शन करती छात्राएं

पश्चिम चंपारण। जिले के बगहा अनुमंडलीय अस्पताल परिसर स्थित एएनएम छात्रावास में गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब छात्राओं ने खराब भोजन और पेयजल संकट को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्राओं ने थाली पीटकर मेस प्रबंधन और जीविका दीदी के खिलाफ नारेबाजी की तथा छात्रावास की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दो छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिसके बाद उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से घटिया और सड़ा-गला भोजन परोसा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। छात्राओं के अनुसार भोजन में साफ-सफाई का भी अभाव है, जिससे कई छात्राएं बीमार पड़ चुकी हैं। भीषण गर्मी के बीच शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है। छात्राओं ने कहा कि पानी की समस्या के कारण उन्हें रोजाना काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

गांव में अब नहीं चलेगा नशे का कारोबार, बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रदर्शन कर रही छात्राओं अमृता, प्रिया, निशा, पल्लवी कुमारी, आकृति कुमारी और साक्षी कुमारी समेत अन्य ने आरोप लगाया कि रूबी कुमारी की देखरेख में मेस का संचालन किया जाता है, लेकिन व्यवस्थाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। छात्राओं का कहना है कि मेस में पौष्टिक भोजन नहीं दिया जाता और कई बार खाने से दुर्गंध भी आती है। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से छात्राओं में आक्रोश बढ़ता गया, जिसके बाद उन्होंने विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।

इधर प्रदर्शन के दौरान दो छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों छात्राओं को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. चंदन कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर ने बताया कि इलाज के बाद दोनों छात्राओं की स्थिति सामान्य है और फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं।

वहीं मामले को लेकर जांच अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्राओं ने प्रशासन से छात्रावास की व्यवस्था सुधारने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और मेस संचालन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। घटना के बाद छात्रावास प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें