
गोपालगंज: गोपालगंज में लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना 50 हजार का इनामी बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। देर रात पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात आकाश कुमार के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद इलाके में देर रात तक हलचल बनी रही। पुलिस टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम आरोपी को लेकर सुंदर पट्टी इलाके में पहुंची, उसने मौका देखकर हथियार निकाल लिया और फायरिंग शुरू कर दी।
एसपी विनय तिवारी के मुताबिक, आकाश कुमार हरियाणा में छिपकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने उसे हरियाणा से पकड़कर गोपालगंज लाया था। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने जा रही थी, तभी उसने पुलिस पर हमला कर दिया।
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। दो राउंड फायरिंग में गोली सीधे उसके पैरों में लगी। गोली लगते ही आकाश सड़क किनारे गिर पड़ा, जिसके बाद जवानों ने उसे दबोच लिया।
मौके से पुलिस ने अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और कई खोखे बरामद किए हैं। पुलिस अब उसके गैंग और नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। इलाके में चर्चा है कि आकाश कुमार पिछले कुछ महीनों से लगातार रंगदारी और हत्या की घटनाओं में सक्रिय था।
थावे थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव निवासी आकाश कुमार पर हत्या, रंगदारी, लूटपाट समेत 12 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसने थावे के एक व्यवसायी से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। वहीं मीरगंज में दिनदहाड़े बाइक सवार की हत्या के बाद उसका नाम तेजी से सुर्खियों में आया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। कई जिलों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। स्थानीय लोगों के बीच भी उसका खौफ बना हुआ था।
इधर, बिहार में लगातार हो रहे पुलिस एनकाउंटर को लेकर भी चर्चा तेज है। इससे पहले 27 मई को पटना के मसौढ़ी इलाके में सिक्योरिटी वैन से 27 लाख लूटकांड में शामिल बदमाश अजय पासवान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में भी आरोपी के पैर में गोली लगी थी।
इसे भी पढ़ें
बेतिया में जमीन विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस पर हमला, महिला गार्ड समेत तीन घायल











