
बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला होने से इलाके में हड़कंप मच गया। बनवरिया पंचायत के मढ़िया गांव में ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हुए हमले में एक सब-इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना मंगलवार की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक मढ़िया गांव निवासी पार्वती देवी ने शिकारपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि गांव के कुछ लोगों ने उनके घर के सामने वाले रास्ते पर कब्जा कर लिया है। शिकायत में यह भी कहा गया था कि वहां लगे आम समेत कई पेड़ों को काट दिया गया है। इसी मामले की जांच और सत्यापन के लिए एसआई रविशंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे थे।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिस टीम कटे हुए पेड़ों की वीडियोग्राफी कर रही थी और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही थी। तभी दूसरे पक्ष के लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। देखते ही देखते बहस शुरू हुई और माहौल बिगड़ गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने महिला गार्ड संध्या कुमारी के साथ धक्का-मुक्की की और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया। हालांकि बाद में मोबाइल वापस कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अचानक पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलने लगे। हमले में एसआई रविशंकर प्रसाद, महिला गार्ड संध्या कुमारी और सिपाही अभिषेक कुमार घायल हो गए। गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना के बाद आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। इलाके में चर्चा है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था।
उपद्रवियों ने पुलिस के सरकारी वाहन को भी निशाना बनाया। वाहन के पहिए में कील ठोककर उसे पंचर कर दिया गया ताकि पुलिस टीम तुरंत वहां से नहीं निकल सके। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
नरकटियागंज SDPO जय प्रकाश सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पुलिस टीम पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मदन राम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद मढ़िया गांव में पुलिस की गतिविधि बढ़ा दी गई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
इसे भी पढ़ें:
बेतिया में युवक से लूटपाट करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, सोने का लॉकेट बरामद











