मायाटुंगरी को पर्यटन स्थल बनाने, बिजुलिया तालाब के सौंदर्यीकरण और आधुनिक पार्क निर्माण की मांग

नगर विकास मंत्री से मिलकर मांगपत्र सौंपते रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी
नगर विकास मंत्री से मिलकर मांगपत्र सौंपते रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी

झारखंड/रामगढ़: रामगढ़ शहर के पर्यटन और शहरी विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने राज्य सरकार के समक्ष महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष मंजीत सहानी के नेतृत्व में झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदित्य कुमार सोनू से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स की 33वीं आमसभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी मंत्री को दिया। साथ ही शहर के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया।

ज्ञापन में रामगढ़ स्थित मायाटुंगरी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। चैम्बर का कहना है कि यह स्थल प्राकृतिक और धार्मिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है तथा यहां पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। यदि आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाता है तो इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और रामगढ़ की पहचान राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक मजबूत होगी।

प्रतिनिधिमंडल ने मायाटुंगरी में बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैठने की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में यहां की पर्यटन संभावनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

चैम्बर ने शहर के बीच स्थित बिजुलिया तालाब के सौंदर्यीकरण का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में तालाब के चारों ओर आकर्षक पथवे, हरित क्षेत्र, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, फाउंटेन और मनोरंजन संबंधी सुविधाओं के विकास का सुझाव दिया गया है। व्यापारियों का मानना है कि इससे यह क्षेत्र स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

शहर की बढ़ती आबादी और लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए एक आधुनिक सार्वजनिक पार्क के निर्माण की मांग भी की गई। प्रस्तावित पार्क में बच्चों के खेलने की सामग्री, ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, योग स्थल और हरित वातावरण विकसित करने का सुझाव दिया गया है।

चैम्बर ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार इन जनहित से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक पहल करेगी। उनका कहना है कि इन योजनाओं के पूरा होने से रामगढ़ में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

मंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष मंजीत सहानी के अलावा फेडरेशन झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य विनय कुमार अग्रवाल, मानद सचिव मानु चतुर्वेदी, सह-सचिव इन्द्र पाल सिंह सैनी (पालै) तथा उप समिति के सभापति मिहुल बसंत शामिल थे।

रिपोर्ट: सौरव नारायण सिंह 

इसे भी पढ़ें: 

संजय सरावगी की नई टीम में सम्राट चौधरी के करीबी बाहर, बीजेपी संगठन में फिर बढ़ा सवर्ण और वैश्य दबदबा

Leave a Comment

और पढ़ें