
पटना: राजधानी पटना में 27 लाख रुपये की कैश वैन लूटकांड में शामिल अपराधी अजय पासवान को पुलिस ने बुधवार सुबह मसौढ़ी इलाके में एनकाउंटर के दौरान गोली मार दी। गोली उसके पैर में लगी है। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से उसके साथी अजय यादव उर्फ छोटू उर्फ सरवन को भी गिरफ्तार किया गया है।
सुबह-सुबह मसौढ़ी इलाके में अचानक गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। इलाके में भारी पुलिस बल पहुंचा तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस को इनपुट मिला था कि 13 मई को गोपालपुर में हुई 27 लाख रुपये की कैश वैन लूट में शामिल कुछ अपराधी मसौढ़ी में जमा हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता देख अपराधी भागने लगे। इसी दौरान अजय पासवान ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिस की गाड़ी में भी लगी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें अजय पासवान के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाश किसी सोना कारोबारी को निशाना बनाने की तैयारी में थे। पिछले दो दिनों से मसौढ़ी के एक ज्वेलरी शॉप और कारोबारी की रेकी की जा रही थी। इलाके में इस बात की भी चर्चा है कि गिरोह लगातार बड़ी लूट की घटनाओं की फिराक में था।
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी लूट की साजिश रच रहे हैं। पुलिस टीम पहुंची तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अजय पासवान घायल हुआ है। उसके साथी अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों पहले भी गोपालपुर कैश वैन लूट मामले में सामने आए थे। दरअसल, 13 मई को गोपालपुर थाना क्षेत्र के जोल बीघा के पास CMS सिक्योरिटी वैन से करीब 27 लाख रुपये लूट लिए गए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।
जानकारी के मुताबिक, सिक्योरिटी वैन अपने तय रूट से गुजर रही थी। तभी पहले से घात लगाए पांच हथियारबंद अपराधियों ने दो बाइक से पहुंचकर गाड़ी को रोक लिया। अपराधियों ने ड्राइवर पर पिस्टल से हमला किया और फिर रुपयों से भरा कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद कैश रखने वाला खाली बक्सा घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया था। वैन में उस वक्त ड्राइवर अरुण कुमार, गनमैन जितेंद्र सिंह और एक कस्टोडियन मौजूद थे।
गनमैन जितेंद्र सिंह ने बताया था कि वे संपतचक के बिग बाजार से कैश लेकर लौट रहे थे। तभी मरचा-मिर्ची इलाके के पास अपराधियों ने रास्ता रोक लिया और हथियार के बल पर पूरी वारदात को अंजाम दिया। अब पुलिस इस पूरे गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद मसौढ़ी और आसपास के इलाकों में पुलिस अलर्ट बढ़ा दिया गया है।
????इसे भी पढ़ें:
मोतिहारी में प्रेमी के दोस्तों ने युवती से किया गैंगरेप, बचाने के बजाय साथ देता रहा बॉयफ्रेंड











