
गया: बिहार के गया जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्व सांसद के आवास पर बड़ी छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली और नशीली दवाएं बरामद होने की सूचना है। छापेमारी के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित न्यू एरिया पीपरपांती मोहल्ले में यह कार्रवाई की गई। सूत्रों की मानें तो पूर्व सांसद रंजीत उर्फ रन सिंह के आवास स्थित मत्स्य विभाग के कार्यालय आवासन स्थल पर पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने संयुक्त छापेमारी की। मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर, कोतवाली थाना पुलिस और कई अन्य थानों की पुलिस मौजूद रही। फिलहाल पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली और नशीली दवाओं के साथ दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल भी बरामद किया गया है। इसके अलावा दवा पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और संदिग्ध सामग्री भी पुलिस के हाथ लगी है। अधिकारियों द्वारा बरामद सामान की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर संचालित हो रहा था।

सूत्रों के अनुसार भवन के निचले हिस्से में पशुपालन और मत्स्य विभाग का कार्यालय संचालित होता है, जबकि ऊपरी मंजिल के बंद कमरों में कथित तौर पर अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। पुलिस को शक है कि यहां लंबे समय से नकली और नशीली दवाओं का धंधा संचालित किया जा रहा था। इसी सूचना के आधार पर ड्रग विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
इसी बीच छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है। हालांकि उसकी पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह के अवैध कारोबार की जानकारी सामने आने के बाद लोग हैरान हैं। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच की और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
फिलहाल ड्रग विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि बरामद दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। वहीं अधिकारियों द्वारा जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने पर नकली और नशीली दवाओं के नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।
इसे भी पढ़ें :
मोकामा में गैंगस्टर सोनू-मोनू गैंग की दबंगई, पुलिस की तलाशी लेकर घर में घुसने दिया











