
गया: बिहार के गया जिले में केंद्रीय मंत्री Jitan Ram Manjhi के कार्यक्रम में पत्थरबाजी की घटना सामने आने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। खिजरसराय प्रखंड के सीसवर स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों ने मंच की ओर पत्थर फेंक दिए। राहत की बात यह रही कि केंद्रीय मंत्री बाल-बाल बच गए और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई।
घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और केंद्रीय मंत्री को सुरक्षा घेरे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बताया जा रहा है कि सम्मान समारोह खत्म होने के बाद जैसे ही जीतन राम मांझी मंच से लोगों को संबोधित करने पहुंचे, तभी बाहर की ओर से दो पत्थर मंच की तरफ फेंके गए।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 युवकों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे कुल 4 लोग थे। सभी कथित तौर पर सोशल मीडिया पर फेमस होने के उद्देश्य से कार्यक्रम में घुसे थे और पत्थरबाजी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस फरार 2 अन्य युवकों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
खिजरसराय पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए युवक आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले में ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
इधर, Hindustani Awam Morcha के नेताओं और समर्थकों ने घटना पर नाराजगी जताई है। समर्थकों का आरोप है कि लगातार मांझी परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हाल ही में बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी पर हमले की घटना का जिक्र करते हुए समर्थकों ने कहा कि मांझी परिवार के खिलाफ लगातार माहौल बनाया जा रहा है। विधायक ने पहले भी पुलिस प्रशासन को सुरक्षा को लेकर शिकायत दी थी। उन्होंने घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी प्रशासन को सौंपे थे।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जब एक केंद्रीय मंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
नीमचक बथानी एसडीपीओ सुरेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पत्थरबाजी हुई है और 2 युवकों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। वहीं एसएसपी सुशील कुमार ने कहा कि घटना में किसी को चोट नहीं आई है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें :
सोफवा मंदिर परिसर में हरे पेड़ों की कटाई पर बवाल, ग्रामीणों के विरोध के बाद महंथ फरार
पंचायत सचिवों की हड़ताल से नरकटियागंज में विकास कार्य ठप, मुखिया ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन











