
बेगूसराय: बिहार पुलिस महकमे के लिए गुरुवार की रात बेहद दुखद साबित हुई। बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में NH-31 पर हुए भीषण सड़क हादसे में मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारियों और उनके ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ, जब पटना से लौट रही उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।
जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र पटना में आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद चारों लोग एक ही कार से मधेपुरा लौट रहे थे। रास्ते में साहेबपुर कमाल इलाके में अचानक कार अनियंत्रित हो गई और ट्रक में जा घुसी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। मौके पर ही बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और चालक ज्योतिष कुमार की मौत हो गई। वहीं रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद साजन पासवान को बाहर निकालकर बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने बताया कि टक्कर के समय कार की रफ्तार काफी अधिक थी और जोरदार आवाज सुनाई दी थी।
कार की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। वाहन के गेट टूट गए थे, छत दब गई थी और आगे का हिस्सा ट्रक में बुरी तरह फंस गया था। शव भी कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने क्रेन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस हादसे की खबर मिलते ही मधेपुरा और बेगूसराय पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस विभाग ने अपने तीन अधिकारियों और एक चालक को एक साथ खो दिया, जिससे पूरे प्रशासनिक तंत्र में गहरा दुख देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें:
सप्तक्रांति सुपरफास्ट ट्रेन में शराब तस्करी का खुलासा, पैंट्रीकार मैनेजर समेत चार लोग गिरफ्तार











