
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां रविवार की रात एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस युवक के साथ युवती मौजूद थी, वही अपनी प्रेमिका को बचाने के बजाय आरोपियों का साथ देता रहा। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि युवती रविवार की रात अपने बॉयफ्रेंड से मिलने पहुंची थी। दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने युवती को अकेला और असहाय देखकर जबरन उसे कब्जे में ले लिया और फिर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता चीखती-चिल्लाती रही लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी।
सूत्रों के अनुसार घटना में शामिल सभी आरोपी प्रेमी के दोस्त बताए जा रहे हैं। पीड़िता को उम्मीद थी कि उसका प्रेमी उसे बचाएगा, लेकिन आरोप है कि उसने विरोध करने के बजाय अपने दोस्तों का साथ दिया। इस खुलासे के बाद इलाके के लोग भी हैरान हैं। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इधर घटना की सूचना मिलते ही सुगौली थाना पुलिस सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष टीम का गठन किया। एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया।
पुलिस के मुताबिक घटना के महज दो घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद देर रात तक अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई और शेष तीन आरोपियों को भी दबोच लिया गया। इस तरह पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मोतिहारी भेजा गया है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है ताकि घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा सके। पुलिस ने गैंगरेप समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हालांकि फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात पूर्व नियोजित थी या मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया गया।
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके के लोगों में काफी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और स्पीडी ट्रायल के जरिए कठोर सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।
फिलहाल पूरे इलाके में घटना को लेकर सनसनी फैली हुई है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें :
तेजस्वी यादव का बड़ा हमला, बोले- ‘अपराधियों के सम्राट राज’ में बिहार से 1 महीने में 8,681 बच्चे गायब











