
बेतिया/बगहा: बगहा स्थित एएनएम स्कूल शुक्रवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब हॉस्टल में घटिया भोजन और बदबूदार पेयजल को लेकर प्रदर्शन कर रही छात्राओं और जीविका दीदियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते स्कूल परिसर में मारपीट, धक्का-मुक्की और जमकर पथराव शुरू हो गया। घटना के दौरान एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कई अन्य छात्राएं भी चोटिल हो गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, छात्राएं पिछले दो दिनों से हॉस्टल में दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और दूषित पानी को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। छात्राओं का आरोप है कि उन्हें खराब और बदबूदार पानी पीने के लिए मजबूर किया जा रहा था, जबकि मेस में मिलने वाला खाना भी बेहद घटिया स्तर का था। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को छात्राएं हॉस्टल गेट के सामने तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रही थीं। इस दौरान छात्राएं थाली और बर्तन बजाकर जीविका के खिलाफ नारेबाजी भी कर रही थीं।
इसी बीच करीब 200 की संख्या में जीविका दीदियां स्कूल परिसर पहुंच गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दोनों तरफ से पहले धक्का-मुक्की हुई और फिर चप्पल, पानी की बोतलें तथा ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक शुरू हुए पथराव से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कई छात्राएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागती नजर आईं।
घटना के दौरान स्कूल परिसर में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुछ छात्राएं हॉस्टल के कमरों में छिप गईं, जबकि कई छात्राएं स्कूल परिसर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भागीं। बताया जा रहा है कि पथराव के दौरान कई खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई।
स्थिति को बिगड़ता देख स्कूल प्राचार्य श्रीश वर्मा ने तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया।
मामले को लेकर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सोहेल राज ने कहा कि छात्राओं की शिकायतों की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि भोजन और पानी की गुणवत्ता को लेकर यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर जीविका दीदियों ने पूरे विवाद के लिए स्कूल प्रशासन और प्राचार्य को जिम्मेदार ठहराया है। जीविका दीदियों का आरोप है कि कुछ दिन पहले मेस में छात्राओं को चिकन दिया गया था। दूसरी बार चिकन नहीं दिए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ और छात्राओं को भड़काकर हंगामा कराया गया। जीविका समूह की महिलाओं का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
हालांकि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। स्कूल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें :
बगहा एएनएम छात्रावास में ऐसा क्या हुआ कि छात्राएं थाली पीटकर सड़क पर उतरीं











