मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के कमरे से मिला शव

मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद जुटे छात्र और परिजन
मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद जुटे छात्र और परिजन

 

मोतिहारी । पूर्वी चंपारण जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान रिम्मी कुमारी के रूप में हुई है, जो इलेक्ट्रिक एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की तृतीय वर्ष की छात्रा थी। उसका शव कॉलेज हॉस्टल के कमरे से बरामद किया गया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रिम्मी कुमारी मुजफ्फरपुर के लक्ष्मी चौक निवासी टेंट व्यवसायी प्रदीप कुमार की पुत्री थी। उसने वर्ष 2023 में मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लिया था। बताया जा रहा है कि वह बुधवार को बेतिया के कुमारबाग इंजीनियरिंग कॉलेज में परीक्षा देकर वापस हॉस्टल लौटी थी।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार दोपहर हॉस्टल कर्मी कमरे की सफाई के लिए पहुंचे थे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर कॉलेज प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद कॉलेज कर्मियों और छात्रों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर छात्रा का शव फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाया है और मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
वहीं कॉलेज के प्रिंसिपल नवनीत कुमार ने बताया कि छात्राओं को अलग-अलग कमरे आवंटित किए गए हैं। सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे, जहां छात्रा का शव कमरे के अंदर मिला।
दूसरी ओर, मृतका के पिता प्रदीप कुमार ने अपनी बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि घटना से एक रात पहले उनकी बेटी से सामान्य बातचीत हुई थी और वह किसी प्रकार के तनाव में नहीं लग रही थी।
छात्रा की प्रारंभिक जांच करने वाले चिकित्सक डॉ. शफी इमाम ने बताया कि मृतका के गर्दन पर निशान पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा और आक्रोश का माहौल है।

रिपोर्ट: हरिकेश कुमार 

इसे भी पढ़ें : 

जहानाबाद में एनकाउंटर, हत्या आरोपी बिक्कू सिंह के पैर में लगी गोली

किशनगंज में ANTF की बड़ी कार्रवाई, ₹1.60 करोड़ की हेरोइन के साथ 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Leave a Comment

और पढ़ें