किशनगंज में ANTF की बड़ी कार्रवाई, ₹1.60 करोड़ की हेरोइन के साथ 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

800 ग्राम हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
डिस्ट्रिक ब्रेकिंग : 800 ग्राम हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार 

किशनगंज। नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले की नवगठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय हेरोइन तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 800 ग्राम हेरोइन के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹1.60 करोड़ आंकी गई है।

दरअसल पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि 20 और 21 मई 2026 की रात अंतर्राज्यीय ड्रग्स तस्कर गिरोह के सदस्य किशनगंज रेलवे स्टेशन के पास हेरोइन की बड़ी खेप की खरीद-बिक्री करने पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही नवगठित ANTF को सक्रिय किया गया। तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर किशनगंज रेलवे स्टेशन के बाहर NH-27 सर्विस लेन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान फरिंगगोला चेक पोस्ट की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक को पुलिस ने रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बाइक सवार दोनों युवकों के पास से अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखी गई कुल 800 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रहने वाले शहवाज आलम (20) और मो. शाह आलम (33) के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से संगठित तरीके से नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे कई वर्षों से बिहार और पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में सक्रिय एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का हिस्सा हैं। पुलिस अब इस सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हेरोइन कहां से लाई जा रही थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 540/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 और NDPS एक्ट की धारा 8(c), 18(c), 21(C), 29 और 31 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं नवगठित ANTF की इस पहली बड़ी सफलता पर जिला पुलिस मुख्यालय ने पूरी टीम की सराहना की है। एसपी ने घोषणा की है कि सफल छापेमारी में शामिल पुलिसकर्मियों को विशेष पुरस्कार और सम्मान दिया जाएगा।

इसे भी पढ़िए: 

बगहा एएनएम छात्रावास में ऐसा क्या हुआ कि छात्राएं थाली पीटकर सड़क पर उतरीं

Leave a Comment

और पढ़ें