
सहरसा। जिले के सलखुआ प्रखंड अंतर्गत गोरदह पंचायत के गोरियारी शिव मंदिर प्रांगण में गुरुवार को नशामुक्त समाज निर्माण को लेकर ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुखिया उमेश साह ने की, जबकि संचालन समाजसेवी अरविंद कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। शराब और अन्य मादक पदार्थों के कारण परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर हो रहे हैं। युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा अपराध की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है। ऐसे में गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे से दूर रखने का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि गांव के भीतर शराब या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर निगरानी रखी जाएगी। बाहरी लोगों द्वारा गांव में नशा सेवन करने पर रोक लगाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सामाजिक दंड और आर्थिक जुर्माना लगाने पर भी सहमति बनी।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने यह भी तय किया कि नशा बेचने वाले लोगों की सूची तैयार की जाएगी। पहले उन्हें समझाकर इस कारोबार से दूर रहने की अपील की जाएगी। इसके बावजूद यदि वे नहीं मानते हैं तो प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार करवाने की पहल की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विद्यानंद यादव, देवनंद यादव, सुरेश यादव, सरपंच मिथिलेश कुमार साह, घनश्याम चौधरी, राजकुमार यादव, संतोष कुमार, मुकेश राम सहित दर्जनों ग्रामीण, युवा और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।











